देवरिया पुलिस को मिला अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन, सड़क सुरक्षा और यातायात प्रवर्तन होगा मजबूत

 


देवरिया, 04 अगस्त (हि.स.)।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने देवरिया पुलिस को एक अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के प्रयासों से मिले इस वाहन के संचालन से जनपद में यातायात व्यवस्था को तकनीकी रूप से और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

यह इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक तकनीकी उपकरणों से लैस है। इसमें उच्च गुणवत्ता की स्पीड राडार गन और हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से वाहनों की गति का सटीक मापन किया जा सकेगा। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई भी इसी प्रणाली के माध्यम से की जाएगी।

वाहन में आधुनिक ब्रेथ एनालाइजर की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की मौके पर जांच की जा सकेगी। इसके अलावा लाउडस्पीकर और एलईडी डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में आमजन को जागरूक किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से यातायात नियमों का पालन पहले से अधिक प्रभावी ढंग से कराया जा सकेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तकनीकी निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर प्रत्येक नागरिक स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

देवरिया पुलिस का मानना है कि इस अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन के शामिल होने से सड़क सुरक्षा अभियान को नई मजबूती मिलेगी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक