देवरिया पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों से किया संवाद, सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
देवरिया, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले के सभी थानों पर गठित कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) ने शनिवार को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उनके घरों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर हालचाल जाना, समस्याएं सुनीं और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि, वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रत्येक थाने पर कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट का गठन किया गया है। इसी क्रम में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय बातचीत की और आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए अपने मोबाइल नंबर साझा किए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने बुजुर्गों से उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार के साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सामाजिक समस्या या अन्य आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस हेल्पलाइन और स्थानीय पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि संवाद कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते या एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लेनदेन की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही यथासंभव निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज और पुलिस के बीच विश्वास और समन्वय मजबूत होगा।
देवरिया पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी कम्यूनिटी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और विश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक