देवरिया में कृभको केंद्र पर पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी, फार्मर रजिस्ट्री पर जोर

 


देवरिया, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के गौरीबाजार स्थित कृभको केंद्र पर मंगलवार काे पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को नई व्यवस्थाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। संगोष्ठी में क्षेत्रीय प्रतिनिधि शिवकुमार ने बताया कि अब खाद और बीज केवल फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से ही उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने किसानों से जल्द से जल्द अपनी रजिस्ट्री कराने की अपील की, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

कृभको प्रभारी ध्रुव चंद्र सिंह ने भी फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बताते हुए कहा कि रजिस्ट्री में दर्ज भूमि के रकबे के अनुसार ही किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने उर्वरकों के संतुलित उपयोग और समय-समय पर मृदा परीक्षण कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि किसान बृजेश राय ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम के अंत में कृभको प्रभारी ने सभी किसानों का आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में व्यास यादव, देवेंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, लालबचन सिंह, रविंद्र प्रताप सिंह, मार्कंडेय सिंह, अनिरुद्ध सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक