देवरिया के 19 केंद्रों पर पीईटी-2026 की परीक्षा शुरू, पहली पाली में 8400 अभ्यर्थी हो रहे शामिल
देवरिया, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 शुरू हुई। परीक्षा के लिए जिले में 19 केंद्र बनाए गए हैं। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 16,800 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली में 8400 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दे रहे हैं।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह आठ बजे परीक्षा केंद्रों के गेट खोले गए। इसके बाद अभ्यर्थियों की जांच कर उन्हें केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश द्वार पर शिक्षकों की टीम ने अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली। प्रत्येक केंद्र पर करीब छह शिक्षक जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे।
परीक्षा के दौरान केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए निगरानी की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को निष्पक्ष, व्यवस्थित और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराना है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक