देवरिया : दूसरी मंजिल से मेडिकल कॉलेज के मरीज ने लगाई छलांग, भर्ती

 












देवरिया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के मेडिकल वार्ड की दूसरी मंजिल से रविवार रात करीब 75 वर्षीय रामानंद चौहान ने छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था।

रामानंद चौहान गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के महरादेव बाजार गांव के रहने वाले थे। वह स्वर्गीय शंकर चौहान के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार रामानंद की तबीयत खराब होने के बाद शुक्रवार को उन्हें इलाज के लिए देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया लाया गया था। उन्हें मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था। उनके साथ पत्नी रमावती और पतोहू अनीता देवी भी अस्पताल में मौजूद थीं।

बताया गया कि रविवार रात मेडिकल वार्ड की दूसरी मंजिल पर रामानंद अचानक पहुंच गए और वहां से नीचे छलांग लगा दी। घटना की जानकारी होते ही अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन और पुलिस को भी जानकारी दी गई। बुजुर्ग ने किन परिस्थितियों में दूसरी मंजिल से छलांग लगाई, इसका कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद से हालत नाजुक होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया । परिवार के लोगों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाने से मरीज को मना कर दिया। देवरिया मेडिकल कॉलेज की स्टाफ के द्वारा इलाज शुरू कर दिया गया।

वहीं मरीज के पतोह अनीता देवी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार हैं और अन्य बीमारियां भी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्राचार्य रजनी पटेल और सीएमएस एच के मिश्रा सहित अन्य स्टाफ और डॉक्टर मौके पर पहुंच कर मरीज का इलाज शुरू कर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक