देवरिया : स्कूल वाहन अनियंत्रित हाेकर पेड़ टकराया, कई छात्र व चालक घायल
देवरिया, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में महुआडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक छात्र और दाे छात्राओं समेत वाहन चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही माैके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए देवरिया अस्पताल पहुंचाया।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि मंगलवार की सुबह यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल का वाहन संख्या यूपी 52 सीटी 3218 का चालक राकेश कुमार राेजाना की तरह बच्चों को लेने के लिए निकला था। उसे कक्षा 10वीं के एक छात्र, कक्षा 9वीं और 11वीं की दो छात्राओं काे लिया और अन्य बच्चाें काे लेने के लिए
लीलापुर चौराहे के पास जियो पेट्रोल पंप के समीप से गुजर रहा था, तभी अचानक स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल वाहन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में वाहन सवार स्कूली बच्चे छात्राएं घायल हो गए। वहीं चालक राकेश कुमार को भी चोटें आ गईं।
हादसा देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस सूचना मिलते ही महुआडीह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए देवरिया अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने दो छात्रों का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक