नौतन हथियागढ़ हत्याकांड: अखिलेश यादव ने भेजी एक लाख रुपये की सहायता, पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने परिवार को सौंपा
देवरिया, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में नौतन हथियागढ़ गांव में राजू विश्वकर्मा की हत्या के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी है। शनिवार की शाम को पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने राजू विश्वकर्मा की पत्नी को सहायता राशि सौंपते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर स्तर पर साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
उन्होंने पीड़ित परिवार की बेटी की शिक्षा का पूरा खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की। इसके साथ ही बेटी के विवाह का संपूर्ण खर्च भी उठाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।
ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून के तहत अपराधियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
इस दौरान पूर्व मंत्री ने घटना में घायल सुधीर शर्मा और हरिओम शर्मा से भी मुलाकात की। उन्होंने दोनों घायलों का हालचाल जाना, आर्थिक सहायता प्रदान की तथा बेहतर इलाज के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख संघ अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अभिषेक त्रिपाठी 'राजन', विधानसभा अध्यक्ष फखरुद्दीन खान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय कुमार मल्ल, डॉ. संजीव कुमार राव, जनार्दन सिंह, अशलम खान, ब्रह्मदेव कुशवाहा, राजेश पांडेय, राकेश राय, मार्कण्डेय पटेल, सुभाष पाठक, दिलीप दुबे, प्रताप सिंह, राजन यादव, कृष्णलाल त्रिपाठी, रिजवान अंसारी, रमाशंकर कुशवाहा, प्रमोद सिंह सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक