देवरिया : मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने किया कार्य का बहिष्कार

 


देवरिया, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के कलेक्ट्रेट परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी के विरोध में कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को न्यायालय के कार्य का बहिष्कार किया। दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और पेयजल, आरओ, शौचालय समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप मिश्रा, प्रानु मिश्रा, संजय मिश्रा समेत दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।

अधिवक्ताओं ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में पर्याप्त आरओ की व्यवस्था नहीं है। शौचालय समेत अन्य जरूरी सुविधाओं का भी अभाव है। कलेक्ट्रेट में रोजाना बड़ी संख्या में अधिवक्ता और वादकारी अपने काम के सिलसिले में पहुंचते हैं। सुविधाएं नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या और गंभीर हो जाती है। दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को पानी और शौचालय के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। उन्होंने परिसर में पर्याप्त आरओ लगाने, शौचालय की व्यवस्था कराने और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कराने की मांग की।

अधिवक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का जल्द और स्थायी समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्यायिक कार्य के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले अधिवक्ताओं और वादकारियों को जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। कार्रवाई नहीं होने पर आगे की रणनीति तय करने की चेतावनी दी गई।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक