जिस विद्यालय में पढ़ाई की वहां प्रदेशीय कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन करना गौरव की बात : सूर्य प्रताप शाही

 








देवरिया, 25 सितंबर (हि.स.)। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया में शुक्रवार को 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रम के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन कुश्ती में दमखम दिखा रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न मंडलों से पहुंचे खिलाड़ियों से विद्यालय परिसर खेलमय हो गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहे, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद तिवारी ने की। संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह कार्यक्रम संयोजक, जिला विद्यालय निरीक्षक देवरिया हरिश्चंद्र नाथ सह संयोजक और प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र आयोजक रहे।

मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद गुब्बारे और शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर आयोजन की औपचारिक शुरुआत की गई। महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि जिस विद्यालय में उन्होंने स्वयं शिक्षा ग्रहण की, वहां प्रदेशीय कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन करना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और प्रदेश में खेलों को दिए जा रहे प्रोत्साहन का उल्लेख किया। कहा कि ओलंपिक और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नगद पुरस्कार दिए जाते हैं।

संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह ने कहा कि खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि और जिला पंचायत अध्यक्ष का गदा, बुके एवं शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र ने राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्य टीपी सिंह, रमेश सिंह और डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह को स्मृति चिह्न एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक