देवरिया ; आरोप निराधार मिलने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
देवरिया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सलेमपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में की गई शिकायत की जांच में आरोप निराधार मिलने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उप जिलाधिकारी सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी ने बताया कि छठ्ठू कुमार यादव ने छठ्ठू बनाम अमरनाथ विवाद लंबित होने और विपक्षी से जान-माल का खतरा होने की शिकायत की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई गई। जांच में शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद शांति व्यवस्था भंग करने और गलत तथ्यों के आधार पर अधिकारियों को गुमराह करने के मामले में आवेदक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने बताया कि आवेदक के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की जांच कर तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जा रही है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक