देवरिया में दो कारों की भिड़ंत में चालक की मौत, नाै घायल
देवरिया, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गौरीबाजार थाना क्षेत्र स्थित बैतालपुर में देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने रविवार देर रात दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक कार के चालक की माैत हाे गई, जबकि दाेनाें वाहनाें से करीब नाै लाेग घायल हाे गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलाें काे अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि 16 अगस्त की रात काे एक कार देवरिया से गाेरखपुर काे जा रही थी। बैतालपुर में एचपी पेट्रोल पंप के सामने कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान गोरखपुर से देवरिया की ओर आ रही दूसरी एक कार से जा टकराई। टकराने के बाद वाहन में आग लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल देवरिया भेजा।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हादसे में अबुबकर निवासी जहांगीर, मुजम्मिर, शाहिद अली, आदिल, जुऔर अंसारी, सिंधी मिल काॅलाेनी का साहिल, पुरखा पीपी निवासी कैसन के अलावा कार चालक शाकिर जफर सिद्दकी और दूसरी कार में सवार बलिया निवासी रितिक सिंह, सिद्धार्थ सोनी, कुल मिलाकर नाै लाेग घायल हुए थे। इन सभी का इलाज किया जा रहा है। इस दाैरान डाॅक्टराें ने कार चालक शाकिर जफर सिद्धकी (20) काे मृत घाेषित किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाए जाने के बाद सामान्य कराया गया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आई-20 कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने के कारण हादसा होना बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक