देवरिया: गैस सिलेंडर रिसाव से झोपड़ी में लगी आग से लाखों की गृहस्थी राख
देवरिया, 07 जुलाई (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित माधोपुर गांव में सोमवार देर रात गैस सिलेंडर से हुए रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में राम अवध साहनी की झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि समय रहते परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
बरियारपुर थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस रिसाव के चलते अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी उसकी चपेट में आ गई। आग लगने के बाद सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने में जुट गए।
उन्होंने बताया कि अग्निकांड में परिवार की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी जलकर खाक हो गई। घर में रखा चावल, गेहूं, आटा, दाल, बर्तन, कपड़े, सोने-चांदी के आभूषण तथा नया मकान बनाने के लिए रखी गई नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। इससे पीड़ित परिवार के सामने भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना प्रभारी दीपक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन को सूचना देने के साथ ही लेखपाल को भी बुलाया गया, ताकि नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को शासन की ओर से आर्थिक सहायता दिलाई जा सके।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक