देवरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध-दही, पनीर और सॉस के नमूने लिए, कई प्रतिष्ठानों को सुधार की हिदायत

 




देवरिया, 28 जुलाई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में मंगलवार काे सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नगर क्षेत्र में बाहर से आने वाली दुग्ध कंपनियों के विक्रय स्थलों और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने मदर डेयरी ब्रांड के दो दूध और एक दही का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। वहीं शहर में टैंकर के माध्यम से दूध की आपूर्ति करने वाली तनु डेयरी से भी संदेह के आधार पर दो दूध के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के दौरान बाहर से आने वाली दुग्ध कंपनियों के विक्रय स्थलों और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

खाद्य सुरक्षा टीम ने मदर डेयरी ब्रांड के दो दूध और एक दही का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। वहीं शहर में टैंकर के माध्यम से दूध की आपूर्ति करने वाली तनु डेयरी से भी संदेह के आधार पर दो दूध के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय ने बताया कि शासन के निर्देश पर टीम ने पिज्जा, बर्गर, सैंडविच और मोमोज बनाने एवं बेचने वाले प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। सलेमपुर रोड स्थित डोमिनोज पिज्जा तथा न्यू कॉलोनी स्थित यूएस पिज्जा में निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित कुछ कमियां मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया।

इसके अलावा भटवलिया चौराहा स्थित यूएस पीएफसी पिज्जा एंड फ्राइड चिकन के निरीक्षण में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ भंडारित पाए गए। साथ ही एक्सपायर एवं खराब खाद्य सामग्री भी मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान से सॉस और पनीर के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए। यहां पाई गई अनियमितताओं के संबंध में भी सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

सहायक आयुक्त (खाद्य) हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक