देवरिया : 38,736 निर्माण श्रमिक परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर : जिलाधिकारी
- स्वास्थ्य, श्रम और ग्राम्य विकास विभाग के बीच प्रभावी समन्वय के दिए निर्देश
देवरिया, 25 सितंबर (हि.स.)। जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत बीओसीडब्ल्यू में पंजीकृत 38,736 निर्माण श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में पात्र श्रमिक परिवारों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पात्र निर्माण श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर जल्द बनाए जाएं, ताकि कोई भी परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा की सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए स्वास्थ्य, श्रम और ग्राम्य विकास विभाग के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बताया कि पात्र निर्माण श्रमिकों की ब्लॉकवार सूची संबंधित खंड विकास अधिकारियों, प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के पास उपलब्ध है। श्रमिक अपने निकटतम आशा, एएनएम, आयुष्मान मित्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र के सीएचओ, पीएचसी या सीएचसी पर संपर्क कर कार्ड बनवा सकते हैं।
ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक के माध्यम से भी यह सुविधा उपलब्ध है। आयुष्मान कार्ड से पात्र परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों को पात्र श्रमिक परिवारों को योजना की जानकारी देने तथा कार्ड बनवाने में सहयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर सभी पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक