देवरिया ; नदी, नहर और तालाब में नहाते समय बरतें विशेष सतर्कता : जिलाधिकारी
देवरिया, 05 अक्टूबर (हि.स.) । जिले में नदी, नहर और तालाबों के जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नदियों, नहरों और तालाबों में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में नहाने अथवा तैरने के लिए जलाशयों में जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में लगातार ऐसी घटनाएं संज्ञान में आ रही हैं, जिनमें बच्चे एवं युवा नदियों, नहरों और तालाबों में नहाने अथवा तैरने के लिए पहुंच रहे हैं। पानी की गहराई और बहाव की सही जानकारी न होने के कारण अचानक डूबने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब तक जलस्तर सामान्य न हो जाए, तब तक कोई भी व्यक्ति नदी, नहर अथवा तालाब में नहाने या तैरने के लिए कोई जोखिम न उठाएं। विशेष रूप से अभिभावक अपने बच्चों पर ध्यान रखें और उन्हें ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बेहतर उपाय है। उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बढ़े हुए जलस्तर के दौरान नदी, नहर एवं तालाबों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक