देवरिया : डीआरएम आशीष जैन ने किया सलेमपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
देवरिया, 03 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने सोमवार को देवरिया जिले के सलेमपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, निर्माणाधीन परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण में कई स्थानों पर खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
स्टेशन पहुंचने पर स्टेशन अधीक्षक बृजेश मिश्रा ने डीआरएम का स्वागत किया और स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद डीआरएम ने निर्माणाधीन कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र और अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्ष में वातानुकूलन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन पार्किंग स्थल के सामने हाल ही में बनी इंटरलॉकिंग सड़क के कुछ हिस्से धंसे हुए मिले। इस पर डीआरएम ने नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुधारने और दोषपूर्ण हिस्सों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। नाली बनने के बावजूद उस पर ढक्कन नहीं लगाए जाने को भी उन्होंने गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल ढक्कन लगाने को कहा, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
स्टेशन परिसर में फैली गंदगी और निर्माण सामग्री का मलबा देखकर भी डीआरएम ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने परिसर की तत्काल सफाई कराने और अनावश्यक मलबा हटाने के निर्देश दिए। वहीं, नव निर्मित पार्किंग स्थल का टूटा गेट देखकर संबंधित अधिकारियों को उसकी शीघ्र मरम्मत कराने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों ने स्टेशन परिसर में बने सार्वजनिक शौचालय पर ताला लगे होने की शिकायत भी डीआरएम से की। इस पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए यात्री सुविधाओं को हर समय सुचारु रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि रामप्रकाश यादव उर्फ मुन्ना ने डीआरएम को मांगपत्र सौंपकर प्लेटफार्म नंबर दो की दक्षिण दिशा में टीन शेड लगाने, प्लेटफार्म नंबर एक से तीन तक फुट ओवरब्रिज बनाने, स्टेशन के बाहर आवागमन के लिए अतिरिक्त फुट ओवरब्रिज तथा प्लेटफार्म के उत्तरी हिस्से में एक और पैदल पुल के निर्माण की मांग उठाई। डीआरएम ने इन मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के अंत में डीआरएम आशीष जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन पर चल रहे सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं तथा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उनके दौरे को लेकर पूरे दिन स्टेशन परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता बनी रही। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निरीक्षण के बाद लंबित कार्यों में तेजी आएगी और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक