निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयसीमा में पूरी हों परियोजनाएं : जिलाधिकारी

 


- अधूरी परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराकर हैंडओवर कराने के निर्देश

देवरिया, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश जिलाधिकारी मधुसूदन ने दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस और सांसद निधि से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की हैंडओवर प्रक्रिया तत्काल पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में उन्हें पूरा करने को कहा।

बैठक में बंजरिया में निर्माणाधीन आईटीआई की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडी परिषद के तहत चल रही परियोजनाओं को 15 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को एआरटीओ कार्यालय भवन का निर्माण जल्द पूरा कराने तथा गौरी बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के तैयार भवन को अक्टूबर में हैंडओवर करने को कहा गया।

गौरी बाजार कस्तूरबा गांधी विद्यालय परिसर से सटे विद्युत पोल को स्थानांतरित करने के लिए अधीक्षण अभियंता विद्युत और बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। राज्य कर विभाग के आवासीय भवन के निर्माण में तेजी लाने के लिए कार्यदायी संस्था प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन को मैनपावर बढ़ाने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने जल निगम अर्बन की निर्माणाधीन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग को देवराहा बाबा आश्रम के सुंदरीकरण सहित जिले में संचालित अन्य परियोजनाओं में भी तेजी लाने को कहा गया।

मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने भी कार्यदायी संस्थाओं को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में परियोजना निदेशक, डीआरडीए, बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता और प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक