आपसी भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार, भ्रामक सूचनाओं से बचें : जिलाधिकारी
- त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, जिलाधिकारी ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की
देवरिया, 08 अक्टूबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने शांति और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर समेत विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने सभी धर्मों के लोगों से आपसी भाईचारा और गंगा-जमुनी तहजीब कायम रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य हर्षोल्लास के साथ मनाना है, किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं। उन्होंने लोगों से भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित करने से बचने और ऐसी कोई सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में करीब 3500 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित होंगे। उन्होंने पंडाल समितियों को आवश्यक अनुमति लेने और निर्धारित शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए। पंडालों में ज्वलनशील वस्तुओं का इस्तेमाल न करने, प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त स्थान रखने, सड़क किनारे पंडाल नहीं लगाने तथा रेत, पानी और सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पंडालों में अश्लील गाने और आर्केस्ट्रा का आयोजन नहीं होगा। महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि त्योहार पारंपरिक तरीके से ही मनाए जाएं और किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। नगर निकायों को पानी, बिजली और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को जर्जर तार और खंभे दुरुस्त करने तथा विसर्जन मार्गों पर लटके तारों को प्राथमिकता से ठीक कराने को कहा गया।
एसपी अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। चौराहों पर पिकेट के जरिए निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर या फोटो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रहेगा और प्रमुख पंडालों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। पंडालों और अन्य स्थानों पर शस्त्र प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक