देवरिया : फर्जीवाड़े से जमीन का बैनामा कराने की शिकायत पर डीएम ने किया मौके का निरीक्षण
देवरिया, 22 सितंबर (हि.स.)। जनता दर्शन में ग्राम कतरारी छेरिहवा निवासी रीता देवी ने जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को प्रार्थना पत्र देकर उनकी जमीन में फर्जीवाड़ा कर बैनामा कराने और नाम चढ़वाने की शिकायत की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मंगलवार को राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने मौके पर प्रकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली और राजस्व अभिलेखों की स्थिति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने उपस्थित राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले से जुड़े सभी पक्षों की सुनवाई कर तथ्यों की जांच की जाए और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पीड़िता को उसकी जमीन दिलाने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि जमीन से जुड़े विवादों और फर्जीवाड़े की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी पक्षों को सुनकर निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई की जाए।
डीएम के मौके पर पहुंचकर मामले का निरीक्षण करने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने पर मौजूद लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि इस तरह मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच किए जाने से फरियादियों को राहत मिलती है और उन्हें अपने मामलों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य समेत राजस्व विभाग के कानूनगो, लेखपाल और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक