देवरिया : विद्यालयों के निरीक्षण में 50 प्रतिशत से कम मिले छात्र, जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

 








-कई शिक्षक भी मिले गायब

देवरिया, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार सुबह आठ बजे बेसिक शिक्षा विभाग के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 50 प्रतिशत से कम मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उपस्थिति बढ़ाने और शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय बटुलही और उच्च प्राथमिक विद्यालय बटुलही का निरीक्षण किया। दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 50 प्रतिशत से कम मिली। शिक्षकों की उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिक्षकों की नियमित और समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने कंपोजिट विद्यालय तेंदुई का निरीक्षण किया। यहां भी विद्यार्थियों की उपस्थिति कम मिली, हालांकि बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। डीएम ने छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के साथ पठन-पाठन को और प्रभावी बनाने को कहा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निरीक्षण में 100 के सापेक्ष 91 छात्राएं उपस्थित मिलीं और सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। यहां शैक्षिक गुणवत्ता भी अच्छी मिली। डीएम ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्हें और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिक्षकों की उपस्थिति और पठन-पाठन की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। संदर्शिका और टीएलएम का प्रभावी उपयोग कर कक्षा शिक्षण को रुचिकर बनाया जाए। साथ ही बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और उनके सीखने के स्तर में निरंतर सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक