देवरिया : जिलाधिकारी ने सेतु निगम की दो निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया निरीक्षण

 


देवरिया, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार काे सेतु निगम की दो निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने महुआपाटन-करौंदी मार्ग पर छोटी गंडक नदी पर 17 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सेतु का निरीक्षण किया। मौके पर निर्माण कार्य प्रगति पर मिला और कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई गई। परियोजना का निर्माण दिसंबर 2024 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना निर्धारित है।

जिलाधिकारी ने 15 करोड़ तीन लाख रुपये की लागत से पटनवा पुल के पास निर्माणाधीन सेतु परियोजना का भी जायजा लिया। यहां नदी में पिलर निर्माण का कार्य चल रहा था। यह परियोजना अप्रैल 2026 में शुरू हुई है और इसके सितंबर 2027 तक पूरा होने की समयसीमा निर्धारित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता बनाए रखने और समय से परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में चल रही सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन होना चाहिए। गुणवत्ता के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक सेतु निगम, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक