जिलाधिकारी की पहल से बरियारपुर में विवादित रास्ते का हुआ समाधान, बनायी गयी सीसी सड़क
देवरिया, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया की नगर पंचायत बरियारपुर में लंबे समय से विवादित रास्ते के प्रकरण का जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल से समाधान हो गया। रास्ते का सीमांकन कराने के बाद वहां सीसी सड़क का निर्माण कराया गया, जिससे लोगों का आवागमन सुगम हो गया है।
जिलाधिकारी के समक्ष गत दिवस विवादित रास्ते का मामला संज्ञान में आया था। उन्होंने तत्काल उप जिलाधिकारी को टीम गठित कर प्रकरण का निस्तारण कराने के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में उप जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम ने मौके पर पहुंचकर विवादित रास्ते का सीमांकन कराया और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए वहां सीसी सड़क निर्माण के निर्देश दिए। निर्देश के बाद सीसी सड़क का निर्माण पूरा करा दिया गया। इससे रास्ते पर आवागमन सुचारु हो गया है। सड़क निर्माण के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों ने जिलाधिकारी की तत्परता से प्रकरण का समाधान होने पर सराहना की।
जिलाधिकारी ने सोमवार को निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। मौके पर सीसी सड़क का निर्माण पूर्ण पाया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति और निर्माण कार्य की जानकारी ली। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बरियारपुर, नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक