देवरिया : जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विसर्जन घाटों का किया निरीक्षण

 






देवरिया, 19 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के अवसर पर प्रतिमा विसर्जन को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने लार थाना क्षेत्र के महरौना पुल स्थित विसर्जन घाटों का साेमवार काे संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात इंतजामों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने विसर्जन घाटों के साथ वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति देखी। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखने और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि घाटों पर पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियाें ने गहरे पानी और जोखिम वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां लोगों के जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास मार्ग व्यवस्थित रखने तथा घाटों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने देने को कहा गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों और आवश्यक बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने विसर्जन मार्गों को अवरोधमुक्त रखने और वाहनों की बेतरतीब पार्किंग रोकने को कहा। प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

डीएम और एसपी ने पूजा समितियों एवं आयोजकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और चिह्नित घाटों पर ही प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की। श्रद्धालुओं से गहरे पानी में नहीं उतरने, जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने और विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखने का अनुरोध किया गया।

अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सलेमपुर, प्रभारी निरीक्षक लार सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौजूद रहीं। जिला प्रशासन और पुलिस ने प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक