गणेश चतुर्थी पर भक्तों ने स्थापित की भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा
देवरिया, 14 सितंबर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। प्रतिमा स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सुबह से ही पूजा पंडालों और घरों में गणेश पूजन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाए गए पंडाल में स्थापित किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई।
प्रतिमा स्थापना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच गणेश जी की प्रतिमा को पंडाल तक लाया गया। भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा में हिस्सा लिया। कई स्थानों पर प्रसाद का वितरण भी किया गया।
गणेश चतुर्थी को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पंडालों में आकर्षक सजावट की गई है। श्रद्धालुओं ने बताया कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। उनकी पूजा से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और सभी बाधाएं दूर होती हैं।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होने की तैयारी में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक