देवरिया : ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण से ही देश और समाज का विकास संभव : प्रेम प्रकाश त्रिपाठी
देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में शुक्रवार काे गांधी जयंती के अवसर परदेवरिया सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत बरवा के सभागार में विकसित भारत - रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के लिए गारंटी उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संयुक्त विकास आयुक्त गोरखपुर मंडल प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण से ही गांव, समाज और देश का वास्तविक विकास संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से एक जुलाई 2026 से शुरू किए गए कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाना है। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवास, शौचालय, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने के साथ गांव के समग्र विकास में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में बीडीओ पन्ना लाल यादव, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शिवकुमार, ब्लॉक मिशन प्रबंधक लियाकत अहमद और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जय प्रकाश चौहान मौजूद रहे। इस दौरान लाल साहब चौरसिया, रोजगार सेवक सर्वेश्वर, सर्वेश कुमार भारती, जय सिंह गोलू, बबलू प्रसाद, त्रिभुवन गुप्ता और बृजेश सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने गांव के समग्र विकास और सरकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक