देवरिया : नदावर घाट में मिला सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी का शव
देवरिया, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को नदावर घाट में एक सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी का शव मिला है। इस सूचना के मिलते ही थाना पुलिस माैके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सलेमपुर थानेदार विनोद सिंह ने बताया कि नदावर घाट पर स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव उतराता देखा। इसकी सूचना मिलने पर थाना पुलिस माैके पर
पहुंची और गोताखोरों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराई। मृतक पंडित हरैया गांव निवासी सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी ललन तिवारी
(78)के रुप में हुई है। सेवानिवृत्त हाेने के बाद इन दिनाें वे एक विद्यालय में गार्ड के रुप में कार्यरत थे।
थानेदार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक रविवार शाम ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच सोमवार सुबह उनका शव नदी में मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक