देवरिया : सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ेगी भीड़, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी
देवरिया, 09 अगस्त (हि.स.)। सावन के दूसरे सोमवार को जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। रुद्रपुर स्थित बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
मंदिर के सामने रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। रविवार शाम से ही बरहज, भागलपुर और सरयू नदी के विभिन्न घाटों से बड़ी संख्या में कांवड़िए जल लेकर जिले के प्रमुख शिवालयों के लिए रवाना होने लगे। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाटों से लेकर मंदिरों तक पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।
सोमवार तड़के करीब तीन बजे से विशेष जलाभिषेक शुरू होने की तैयारी है। बाबा दुग्धेश्वरनाथ के अलावा सोमनाथ, महेंद्रनाथ सहित जिले के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना है। जलाभिषेक के बाद मंदिर में रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना भी की जाएगी।
कोतवाल कल्याण सिंह सागर ने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर, मेला क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि गौरीबाजार मार्ग पर ब्लॉक के सामने, पेट्रोल पंप के पास और पूर्वी बाइपास पर रनिहवां मोड़ के पास बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संख्या के अनुसार यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
मंदिर परिसर, कांवड़ मार्ग और प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
बरहज और भागलपुर समेत सरयू नदी के घाटों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। प्रशासन ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने, पुलिस के निर्देशों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक