देवरिया : मोदी के जन्मदिवस पर जगह-जगह चला स्वच्छता अभियान

 


देवरिया, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर सेवा, स्वच्छता और जनसहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। वहीं, अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। मेडिकल कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद और निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि सेवा और जनकल्याण के कार्य समाज को जोड़ने का काम करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक पहुंचकर उनकी मदद करना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक माध्यम है।

इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नवयुवकों ने उत्साह के साथ स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवाओं से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में भी जागरूक किया गया।

उधर, नगर में नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा के नेतृत्व में परमार्थी पोखरे पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी और नगरपालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पोखरे के आसपास साफ-सफाई की। कार्यकर्ताओं ने परिसर में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। लोगों से सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई।

सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के सभी लोगों का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना और उन्हें सहयोग देना सामाजिक जिम्मेदारी है। नगरपालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।

भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। स्वच्छता अभियान, फल वितरण, रक्तदान सहित जनसेवा के कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ता समाज के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।

कार्यक्रमों के दौरान भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, राजेश कुमार मिश्रा, विजय बहादुर दुबे, रंजना देवी भारती, गोविंद चौरसिया, प्रभाकर तिवारी, ओम प्रकाश मौर्या, संजय तिवारी, सुधीर श्रीवास्तव, शैलेन्द्र सिंह आजाद, प्रेम अग्रवाल, हरेंद्र पाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक