देवरिया : निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिल रही शिक्षा प्रोत्साहन धनराशि

 


देवरिया, 11 अगस्त (हि.स.)। श्रम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना का लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिक के अधिकतम दो बच्चों को शिक्षा के लिए एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

सहायक श्रम आयुक्त स्कंद कुमार ने मंगलवार को बताया कि योजना के तहत कक्षा एक से पांच तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को 2,000 रुपये, कक्षा छह से 10 तक के विद्यार्थियों को 2,500 रुपये तथा कक्षा 11 और 12 में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे निर्माण श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहायता मिलेगी।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर अगली कक्षा में प्रवेश लेने वाले छात्र को 5,000 रुपये तथा छात्रा को 8,000 रुपये की अतिरिक्त एकमुश्त धनराशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार स्नातक परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर अगली कक्षा में प्रवेश लेने वाले छात्र को 10,000 रुपये तथा छात्रा को 12,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और आर्थिक कठिनाइयों के कारण उनकी पढ़ाई बाधित होने से रोकना है। पात्र परिवार इस सहायता का लाभ लेकर बच्चों की शिक्षा को बेहतर ढंग से जारी रख सकते हैं।

उन्होंने जिले के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने अधिकतम दो पात्र बच्चों को योजना का लाभ दिलाने के लिए जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन करें। आवेदन करते समय निर्धारित अभिलेख और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना होगा।

योजना से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी के लिए सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, विकास भवन परिसर, देवरिया में संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने पात्र श्रमिक परिवारों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक