देवरिया में बैंक हड़ताल से लगभग 600 करोड़ का कारोबार प्रभावित, कर्मचारियों ने किया पैदल मार्च
देवरिया, 11 सितंबर (हि.स.)। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के बैंक कर्मचारी और अधिकारियों ने एक दिवसीय बैंक हड़ताल की। हड़ताल के दौरान बैंक कर्मियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने और पीएलआई में भेदभाव समाप्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शहर में पैदल मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
बैंक कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से जिलेभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, एक दिन की हड़ताल से जिले में करीब लगभग 600 से 700 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपना एक दिन का वेतन स्वेच्छा से कटवाने की घोषणा भी की।
सभा को संबोधित करते हुए बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने और पीएलआई में भेदभाव समाप्त करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व यूपीबीईयू के जिला सचिव रैथा प्रसाद ने किया। प्रदर्शन में विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान शिवम त्रिपाठी, जावेद असलम लारी, नवनीत कुमार उपाध्याय, धनंजय सिंह, गिरजेश श्रीवास्तव, आरती मिश्रा, सूरज राय, शिवानी मिश्रा, सत्यप्रकाश सिंह, राजेश और राकेश सहित अन्य कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक