देवरिया : भाजपा कार्यालय में मनायी गयी महर्षि वाल्मीकि जयंती पर, आदिकवि काे किया गया नमन

 


देवरिया, 26 अक्टूबर (हि.स.) । महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनपद देवरिया में भाजपा के जिला भाजपा कार्यालय औरा-चौरी में भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी आदिकवि को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक चेतना के महान प्रतीक हैं। उन्हें आदिकवि के रूप में सम्मानित किया जाता है। उनकी अमर रचना रामायण मर्यादा, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और करुणा जैसे जीवन मूल्यों का संदेश देती है। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने और भावी पीढ़ियों को संस्कारवान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला महामंत्री कृष्णनाथ राय ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन ज्ञान, साधना, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक विचारों की शक्ति का संदेश देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करना सभी का दायित्व है।

जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि महापुरुषों के विचार समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं मानवीय मूल्यों, नैतिकता और सामाजिक एकता के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देती हैं। उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री कृष्णनाथ राय, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह, बबिता चौहान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आराधना पाण्डेय, डॉ. रामप्यारे प्रसाद, सूरज वाल्मीकि, राहुल कुमार, शुभम मणि त्रिपाठी और सरिता पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक