देवरिया : श्रीरामपुर थाने में 49 आबकारी मामलों की करीब 4,783 लीटर शराब नष्ट
देवरिया, 29 जून (हि.स.)। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सोमवार को श्रीरामपुर थाना परिसर में वर्ष 2024 एवं 2025 के आबकारी अधिनियम से संबंधित 49 अभियोगों में जब्त शराब का विधिवत विनिष्टीकरण किया गया। पूरी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार कराई गई।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानीमनोज कुमार ने बताया कि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, देवरिया (कक्ष संख्या-19) के 6 जून 2026 के आदेश के अनुपालन में थाना श्रीरामपुर के मालखाने में सुरक्षित क्रमांक 1 से 49 तक के कुल 49 मुकदमों के माल का निस्तारण किया गया। इसके लिए थाना परिसर में जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदा गया और नियमानुसार शराब को नष्ट कर मिट्टी में दबा दिया गया।
उन्होंने बताया कि विनिष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान न्यायालय के फौजदारी लिपिक अंजनी श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार, नायब तहसीलदार भाटपाररानी सुशील तिवारी तथा प्रभारी निरीक्षक श्रीरामपुर विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे। जनसाक्षी के रूप में कृष्णा गोंड निवासी पकड़िया कुंड और हरेन्द्र यादव निवासी परसौनी आनंदघन भी उपस्थित रहे। हेड मोहर्रिर वर्मा प्रजापति सहित पुलिस कर्मियों ने पूरी प्रक्रिया में सहयोग किया।उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान मालखाने से जब्त शराब को बाहर निकालकर उसकी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई। प्रत्येक मुकदमे के नमूने का आवश्यक अंश सुरक्षित रखने के बाद शेष शराब को नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार विनिष्टीकरण में 3,093.950 लीटर देशी शराब तथा 1,689.125 लीटर अंग्रेजी शराब सहित कुल 4,783.075 लीटर शराब नष्ट की गई। देवरिया पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का पूर्ण पालन करते हुए माल निस्तारण की पूरी प्रक्रिया विधिसम्मत और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक