देवरिया : माता-पिता और भाई की मृत्यु के बाद बेसहारा हुई पांच बालिकाओं तक पहुंची प्रशासन की टीम
देवरिया, 22 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर विकासखंड के ग्राम इशारु में माता-पिता और भाई की मृत्यु के बाद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही पांच बालिकाओं के परिवार तक जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर प्रशासन की टीम पहुंची। टीम ने बालिकाओं की पारिवारिक एवं आर्थिक स्थिति की जानकारी लेने के साथ उनकी काउंसलिंग की और उन्हें शिक्षा, सुरक्षा एवं शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की।
प्रकरण की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को मौके पर टीम भेजकर परिवार की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार आईसीडीएस, जिला प्रोबेशन तथा महिला कल्याण विभाग की योजनाओं से बालिकाओं को लाभान्वित कराने के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं महिला एवं बाल कल्याण समिति की टीम गांव पहुंची।
स्थलीय जांच में सामने आया कि परिवार में चार नाबालिग और एक बालिग बालिका हैं। पिता की करीब पांच वर्ष पूर्व बीमारी से मृत्यु हो गई थी, जबकि भाई की करीब तीन वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई। परिवार की एकमात्र सहारा मां थीं, जिनकी करीब 10 दिन पूर्व मृत्यु हो गई। इसके बाद पांचों बालिकाएं बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही हैं।
बालिकाओं में पुष्पा (21) कक्षा 10वीं, दुर्गा (16) कक्षा आठवीं, देववंती (14) कक्षा आठवीं, आशु (12) कक्षा आठवीं और राधिका (10) कक्षा छठवीं में अध्ययनरत हैं।
मौके पर वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने बालिकाओं से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और काउंसलिंग की।
बालिकाओं की शिक्षा जारी रखने के उद्देश्य से पात्र नाबालिग बालिकाओं का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में नामांकन कराने का प्रस्ताव भी रखा गया।
महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत परिवार की दो बालिकाओं को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) से जोड़ने की प्रक्रिया की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी बालिकाओं के आयुष्मान कार्ड तथा समाज कल्याण विभाग की पारिवारिक लाभ योजना से परिवार को जोड़ने की कार्यवाही भी की गई।
प्रशासन ने बालिकाओं को भरोसा दिलाया कि पात्रता के अनुसार उन्हें शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। उनकी शिक्षा, सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्वास को प्राथमिकता देते हुए प्रकरण का लगातार अनुश्रवण किया जाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को परिवार की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए समन्वित कार्रवाई कर सभी पात्र योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक