साइबर सेल ने ठगी के 97 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए
देवरिया, 18 सितंबर (हि.स.)। भटनी पुलिस की साइबर टीम ने ठगी के शिकार व्यक्ति के 97 हजार रुपये उसके खाते में शुक्रवार को वापस कराए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि बीती छह मार्च को भटनी थाना क्षेत्र के चौरिया निवासी बाबर अली ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात साइबर ठग ने धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से 97 हजार रुपये निकाल लिए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरी धनराशि 97 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
इस कार्रवाई में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, कांस्टेबल ऑपरेटर रामगोपाल सिंह, कांस्टेबल प्रदीप यादव और कांस्टेबल चन्दन सिंह यादव शामिल रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक