ट्रेन के शौचालय की गैलरी से 90.33 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
देवरिया, 18 अगस्त (हि.स.)। सीआईबी गोरखपुर और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने मंगलवार को भाटपाररानी रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होते ही निगरानी के दौरान लावारिस हालत में रखी भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद 90.33 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 87,250 रुपये है।
उपनिरीक्षक अबु फरहान गफ्फार ने बताया कि संयुक्त टीम गाड़ी संख्या 15910 में निगरानी कर रही थी। भाटपाररानी स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान के बाद टीम ने एस-वन कोच की शौचालय गैलरी में लावारिस अवस्था में दो ट्रॉली बैग, दो पिट्ठू बैग, दो प्लास्टिक के बोरे और तीन झोले पड़े देखे। तलाशी लेने पर इनमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 180 एमएल की 48 बोतल रॉयल स्टैग, 125 बोतल आफ्टर डार्क, 48 बोतल मैजिक मोमेंट, 48 बोतल सिग्नेचर, 47 बोतल ब्लेंडर प्राइड तथा 180 एमएल के 140 टेट्रा पैक ऑफिसर्स चॉइस शामिल हैं। इसके अलावा 750 एमएल की पांच बोतल मैजिक मोमेंट वोडका और छह बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की भी बरामद हुई। टीम ने शराब को दोपहर 2:05 बजे जब्त कर लिया। बरामद शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट भटनी को सुपुर्द कर दिया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक