देवरिया : रोजगार मेले में 1190 अभ्यर्थियों का चयन, चार हजार युवाओं ने किया प्रतिभाग

 


देवरिया, 11 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), देवरिया परिसर में वृहद रोजगार एवं अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया गया। मेले में आईटीआई और नॉन-आईटीआई वर्ग के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया, जिसमें कुल 4000 युवाओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों द्वारा 1190 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

रोजगार मेले का उद्घाटन देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने किया, जबकि समापन जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने किया। उद्घाटन अवसर पर विधायक ने कहा कि कौशल और दक्षता के माध्यम से युवा अपने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकते हैं। युवाओं को अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप क्षेत्र का चयन कर पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी और व्यावसायिक कौशल का विशेष महत्व है। युवा अपने कौशल को निरंतर विकसित करते हुए रोजगार के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उनसे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कंपनियां ऐसे रोजगार मेलों में प्रतिभाग कर अधिक से अधिक युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगी।

जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनसे सेवा भाव के साथ अपने कार्यों और दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपेक्षा की। आईटीआई के प्रधानाचार्य केके राम ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों, अभ्यर्थियों और अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक