देवरिया ; गृह मंत्रालय के सेवा पदकों से सम्मानित हुए देवरिया के 10 पुलिसकर्मी

 






देवरिया, 22 सितंबर (हि.स.) उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्रदान किए जाने वाले उत्कृष्ट सेवा पदक और अति उत्कृष्ट सेवा पदक से जनपद देवरिया के पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पदक प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को पदक लगाकर सम्मानित किया ।

पुलिस अधीक्षक ने पदक प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी, उत्कृष्ट कार्यशैली और जनसेवा की भावना का विशेष महत्व है। गृह मंत्रालय की ओर से प्रदान किए जाने वाले ये पदक पुलिसकर्मियों की दीर्घकालीन उत्कृष्ट और समर्पित सेवाओं का सम्मान हैं। ऐसे सम्मान अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।

वर्ष 2026 में अति उत्कृष्ट सेवा पदक से निरीक्षक सादिक परवेज, सीटी सेल पुलिस कार्यालय, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार राय, अभियोजन कार्यालय, उपनिरीक्षक बुधई राम, थाना महुआडीह और उपनिरीक्षक प्रारब्ध प्रताप, थाना श्रीरामपुर को सम्मानित किया गया। इसी वर्ष उत्कृष्ट सेवा पदक से उपनिरीक्षक भुवनेश्वर कुमार राय, प्रधान लिपिक पुलिस कार्यालय और मुख्य आरक्षी राजेश यादव, अभियोजन कार्यालय को सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक से मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, गोपनीय कार्यालय, मुख्य आरक्षी नसीम अहमद, पुलिस अधीक्षक के स्कोर्ट, मुख्य आरक्षी शिव कुमार राय, कार्यालय क्षेत्राधिकारी नगर और आरक्षी चालक विश्वम्भर राय, परिवहन शाखा पुलिस लाइन को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक