देवरिया के भाटपाररानी में चार नवंबर को लगेगा रोजगार मेला

 


देवरिया, 30 अक्टूबर (हि.स.)। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल कैरियर सेंटर, देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में 4 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा ने शुक्रवार काे बताया है कि रोजगार मेला सुबह 9 बजे से मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज, भाटपाररानी, देवरिया के परिसर में आयोजित होगा।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, एलआईसी शाखा-टू देवरिया, एलआईसी भाटपाररानी तथा श्रीराम फाइनेंस प्रतिभाग करेंगी।

इन कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

विभिन्न पदों के लिए शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए।

रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। इसमें प्रतिभाग करने अथवा चयन के बाद किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का भत्ता अथवा मार्ग व्यय देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, देवरिया से संपर्क कर सकते हैं।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक