पशुमित्रों ने नियमित मानदेय न मिलने पर कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी
महोबा, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में पशुमित्रों, मैत्री कार्यकर्ताओं और पैरावेट ने शनिवार को पैरावेट संघ के बैनर तले जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपते हुए नियमित मानदेय समेत अन्य मांगों को पूरा करने के लिए आवाज बुलंद की है। 15 वर्षों से ज्यादा समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों ने मांगो के पूरा न होने पर कृत्रिम गर्भाधान कार्य और टीकाकरण का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में शनिवार को पैरावेट, पशुमित्र और मैत्री कार्यकर्ताओं ने पैरावेट संघ के बैनर तले एकत्रित होकर डीएम गजल भारद्वाज को मांग पत्र सौंपा है। इस दौरान राजीव कुमार ने बताया कि 2004 से वह अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सर्दी, गर्मी और बरसात किसी भी मौसम में हर परिस्थितियों में टीकाकरण और पशु गणना समेत अन्य कार्यों को पूरी ईमानदारी और मुस्तैदी के साथ करते हैं। काम के एवज में मिलने वाला भुगतान भी समय से नहीं मिलता है।
टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और पशु गणना का पूरा भुगतान अभी तक उन्हें नहीं प्राप्त हुआ है, मोबाइल का खर्च भी अपनी जेब से उठाना पड़ता है। उन्हाेंने कहा कि यदि उनकी नियमित मानदेय समेत अन्य मांगें समय से पूरी नहीं हुई तो वह एफएमडी टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान समेत अन्य विभागीय कार्यों का पूर्णतः बहिष्कार कर अपना आंदोलन तेज करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी