लोकतंत्र सेनानी राम अभिलाख पांडे 'भोला' को राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

 




सुलतानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बल्दीराय तहसील के पूरे पांडे तिरहुत गांव में वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी राम अभिलाख पांडे 'भोला' (83) को राजकीय सम्मान के साथ मंगलवार को अंतिम विदाई दी गई।

श्री पांडेय वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।उनका निधन सोमवार की शाम हुआ था। पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपजिलाधिकारी बल्दीराय प्रभात सिंह और क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने संयुक्त रूप से श्रद्धासुमन अर्पित किए।

थाना प्रभारी हलियापुर अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ अंतिम संस्कार स्थल पर मौजूद रहे। पुलिस लाइन से आए हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, उमाकांत, सुधीर कुमार, विनय कश्यप और नौशाद ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

इसके बाद दिवंगत के पुत्र राम प्रसाद पांडे ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। इस दौरान कांग्रेस नेता रामदेव पांडे, कृष्ण नारायण पांडेय, रामदर्शन साहू, श्याम नारायण पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और शुभचिंतक उपस्थित रहे।

लोकतंत्र सेनानी राम अभिलाख के एक पुत्र राम प्रसाद पांडेय हैं, जो खेती-किसानी का कार्य करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त