मानव श्रृंखला बनाकर एक तिहाई महिला आरक्षण की मांग
हाथरस, 16 अप्रैल (हि.स.)। कुरसंडा के राजकीय महिला महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के समर्थन में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों ने मानव श्रृंखला बनाकर संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण दिए जाने का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मृदुला गौतम के संरक्षण और नोडल प्रभारी डॉ. राधा शर्मा के निर्देशन में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिसर में छात्राओं और शिक्षकों ने एक कतार में खड़े होकर हाथों में हाथ डालकर मानव श्रृंखला बनाई, जो महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और सशक्तिकरण के प्रति उनके समर्थन का प्रतीक थी।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रो. सत्यप्रिया बंसल ने छात्राओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के संवैधानिक प्रावधानों, राजनीति में महिलाओं की भूमिका और उनकी बढ़ती भागीदारी की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में मजबूत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। छात्राओं को देश की प्रमुख महिला राजनीतिज्ञों के योगदान से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर डॉ. शैलेंद्र सिंह कुशवाह, डॉ. डी. के. तोमर, डॉ. डी.के. गौतम और डॉ. अनुराधा अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। महाविद्यालय परिसर में पूरे समय जागरूकता और उत्साह का माहौल बना रहा। छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े नारों के साथ समाज में समान भागीदारी का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना