सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए विधायक ने प्रशासन से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की करी मांग

 


कानपुर, 28 मार्च (हि.स.)। जनपद में गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर आर्यनगर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने प्रशासन से व्यवस्था बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों पर सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। विवाह, मुंडन और अन्य सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रमों पर इसका असर पड़ रहा है। आयोजकों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाने से कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं।

विधायक ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर जमीनी स्तर पर गंभीर स्थिति बनी हुई है। एजेंसियों पर कमी के चलते लोगों को भटकना पड़ रहा है और जरूरी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने सुझाव दिया कि विवाह, पारिवारिक आयोजनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए आवेदन आधारित व्यवस्था लागू की जाए, ताकि जरूरत के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा सकें। साथ ही लंगर, सामूहिक भोज और धार्मिक आयोजनों के लिए प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

विधायक ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे आमजन और आयोजकों को राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप