राजाराम हत्याकांड में मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग, पीड़ित परिवार ने उठाए सवाल
कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। वर्ष 2021 में नवाबगंज क्षेत्र में हुए राजाराम वर्मा हत्याकांड के मामले में पीड़ित परिवार ने मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है। मृतक के पुत्र और अधिवक्ता नरेंद्र देव ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि मामले में नामजद कुछ प्रभावशाली लोगों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।
नरेंद्र देव ने सोमवार को नवीन मार्केट स्थित कानपुर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि 22 दिसम्बर 2021 को उनके पिता राजाराम वर्मा की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना नवाबगंज में हत्या का मुदकमा भी दर्ज किया गया था। उनका आरोप है कि मैनावती मार्ग स्थित एनआरआई सिटी के पास करोड़ों रुपये मूल्य की कृषि भूमि को लेकर रची गई साजिश के तहत उनके पिता की हत्या कराई गई थी।
उन्होंने कहा कि इस साजिश में कुछ सफेदपोश और प्रभावशाली लोग शामिल हैं। जिनके खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि तत्कालीन विवेचक द्वारा मुख्य साजिशकर्ताओं को बचाते हुए केवल चार लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया।
नरेंद्र देव के अनुसार पुलिस ने उनके दिवंगत भाई की पत्नी रेखा वर्मा को मुंबई से गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि दोहरे हत्याकांड में सजायाफ्ता राजबहादुर अब भी फरार है। उनका यह भी आरोप है कि एनआरआई सिटी के कुछ निदेशक और अधिवक्ता राकेश तिवारी अपने प्रभाव और पहुंच के कारण कार्रवाई से बच रहे हैं और जांच को प्रभावित कर रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए सभी साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी और जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है। नरेंद्र देव ने कहा कि उन्हें प्रदेश सरकार पर भरोसा है कि उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप