सपा मुखिया और उनकी बेटी पर अभद्र टिप्पणी पर काार्रवाई की मांग

 


हमीरपुर 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र यादव लकी के नेतृत्व में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कोतवाली सदर, हमीरपुर पहुंचकर सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एवं उनकी पुत्री अदिति यादव तथा मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की जा रही आपत्तिजनक, अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणियों के विरोध में प्रार्थना पत्र सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

राघवेन्द्र यादव लकी ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर महिलाओं और बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। किसी भी महिला के प्रति अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया का दुरुपयोग करते हुए लगातार आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि सोशल मीडिया की मर्यादा बनी रहे और महिलाओं के सम्मान की रक्षा हो सके। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। इस दौरान युगांक मिश्रा पूर्व प्रत्याशी नगर पालिका अध्यक्ष, बीटू यादव प्रदेश सचिव युवजन सभा,रिजवान खान जिलाध्यक्ष अल्प संख्यक सभा, सैयद उमर जिला सचिव, रवि यादव एडवोकेट, यादुवेन्द्र यादव, अखिलेश यादव, धीरेन्द्र निषाद,आदिल खान, लाला यादव सहित आदि समाजवादी पार्टी के साथी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा