पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड में कार्रवाई की मांग तेज, पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

 


गोरखपुर, 16 मार्च (हि.स.)। 27 फरवरी को थाना बांसगांव क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 में हुए पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड को लेकर पत्रकारों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले में अब तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी न होने से पत्रकार समाज में नाराजगी देखी जा रही है। इसी को लेकर सहजनवां क्षेत्र के पत्रकारों ने सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सहजनवां को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में पत्रकारों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से ही स्थानीय थाने की भूमिका संदिग्ध रही है। हत्या के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इतना ही नहीं, पैरवी करने वाले पीड़ित पक्ष के खिलाफ भी फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जिससे परिवार और अधिक परेशान हो गया है।

पत्रकारों ने बताया कि दिवंगत अग्निवेश सिंह अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनकी हत्या के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में सरकार से मांग की गई है कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही मुकदमे के वादी और मृतक के छोटे भाई नीतीश कुमार को शस्त्र लाइसेंस और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की विशेषज्ञों से दोबारा जांच कराई जाए तथा हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई कराई जाए। साथ ही अग्निवेश के परिजनों पर दर्ज मुकदमा संख्या 105/2026 को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।

पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि हत्याकांड से जुड़े अवैध कब्जे के मामले में लेखपाल और कानूनगो की रिपोर्ट एसडीएम को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कब्जाधारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो पत्रकार समाज बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। उक्त अवसर पर हरिगोविन्द चौबे,बीडी शुक्ल, हामिद अंसारी, डीके पाण्डेय, अनिल मिश्रा, प्रधान प्रवासी, प्रिंस श्रीवास्तव, नितेश शुक्ल, अमित सिंह, अशोक चौधरी, संतराम यादव, पुरूषोत्तम अग्रवाल, अजय यादव, बेचन शर्मा, उपेन्द्र राज, विवेक पांडेय, पप्पू यादव, संजय उपाध्याय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। भी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय