दिल्ली प्रोटेस्ट को लेकर बागपत में हाई अलर्ट, टोल प्लाजा पर हाे रही चेकिंग
बागपत, 23 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली एनसीआर बागपत जनपद में पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दिल्ली को जाने वाले सभी मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया गया है।
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे स्थित मवीकला टोल प्लाजा के पास गुरुवार को पुलिस की भारी तैनाती की गई है। यहां से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर खास नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस के साथ-साथ खुफिया विभाग को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो लगातार इनपुट जुटाकर हालात पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि बाहरी जनपदों से आने-जाने वाले लोगों की विशेष निगरानी की जा रही है।
एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। एसपी बागपत सूरज कुमार राय का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में शांति व्यवस्था कायम है।
सोशल मीडिया पर कड़ी नजर
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर बागपत पुलिस अब सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। किसी भी अफवाह या भड़काऊ सामग्री को फैलने से रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी तंत्र को और मजबूत कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए अलग से एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय अकाउंट्स की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। संदिग्ध पोस्ट, भ्रामक जानकारी या माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मेट्रिक्स ऐप का भी प्रयोग
आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए पुलिस द्वारा ‘मैट्रिक्स ऐप’ का भी प्रयोग किया जा रहा है, जिसके जरिए डिजिटल गतिविधियों पर पुलिस की नजर है। खुफिया विभाग के साथ समन्वय बनाकर हर इनपुट को गंभीरता से लिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी