डीएलएड प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, आठ जुलाई तक होगा आवेदन

 


-आवेदन सबमिट किए जाने के बाद संशोधन का नही मिलेगा मौका-ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नही होगे: सचिव राजेन्द्र प्रताप

प्रयागराज, 15 जून (हि.स)। डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) प्रशिक्षण-2026 में प्रवेश के लिए सोमवार से ऑनलाइन पंजीकरण के साथ शुल्क भी जमा होना शुरू हो गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि आठ जुलाई निर्धारित है। डीएलएड में प्रवेश के लिए कुल 2,39,509 सीटें हैं, इसमें प्रदेश के 67 डॉयट में 10,600 और निजी क्षेत्र के 3103 डीएलएड कालेजों में कुल 2,28,900 सीट हैं।

सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी उप्र प्रयागराज के सचिव राजेंद्र प्रताप की ओर से साेमवार काे जारी सूचना अनुसार राज्य सरकार से संबद्ध तथा मान्यता प्राप्त निजी एवं अल्पसंख्यक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाएगी। पात्रता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, चयन मानक और अन्य शर्तों से संबंधित विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थियों को सचेत किया है कि आवेदन पत्र भरते समय अंकपत्रों और प्रमाणपत्रों में दर्ज विवरणों का भली-भांति मिलान अवश्य कर लें, क्योंकि आवेदन सबमिट किए जाने के बाद संशोधन का अवसर नहीं दिया जाएगा।

सचिव ने यह भी स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों के अतिरिक्त अन्य राज्यों के सभी अभ्यर्थी अनारक्षित श्रेणी के अंतर्गत माने जाएंगे और उन्हें किसी प्रकार का आरक्षण लाभ नहीं मिलेगा। आनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि के एक दिन बाद यानी नौ जुलाई तक आनलाइन शुल्क जमा किए जा सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने के लिए पेमेंट लिंक एवं आवेदन पत्र वेबसाइट updeled.gov.in पर उपलब्ध है। आनलाइन आवेदन पूर्ण कर प्रिंटआउट लेने की अंतिम तिथि 11 जुलाई निश्चित की गई है।

उल्लेखनीय है कि डीएलएड की 2,39,509 सीटों पर प्रवेश होना है पिछले वर्ष एक लाख से अधिक सीटों पर प्रवेश नहीं हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र