नॉर्थ टेक सिम्पोजियम का 4 मई काे रक्षा मंत्री करेंगे उद्घाटन
प्रयागराज, 03 मई (हि.स)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 4 मई को प्रयागराज के कैंट इलाके में उत्तर प्रौद्योगिकी संगोष्ठी (नॉर्थ टेक सिम्पोजियम) 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह संगोष्ठी भारतीय सेना की उत्तरी कमान और मध्य कमान तथा सोसायटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चररर्स (एसआईडीएम) ने संयुक्त रूप से आयाेजित कर रहा है। यह संगाेष्ठी 6 मई तक चलेगी।
उक्त जानकारी यहां रक्षा मंत्रालय के पीआरओ ने देते हुए बताया कि यह संगोष्ठी सम्पूर्ण भारतीय सेना में परिचालन संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए अत्याधुनिक स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के प्रदर्शन और एकीकरण के लिए एक जीवंत मंच के रूप में कार्य करेगी। इस पहल की भावना को संगोष्ठी के लिए चुने गए विषय ‘रक्षा त्रिवेणी संगम-जहां प्रौद्योगिकी, उद्योग और सैनिक कौशल का संगम होता है’ से भली भांति व्यक्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में देश भर के एमएसएमई, निजी रक्षा प्रौद्योगिकी फर्मों, स्टार्टअप्स और सैन्य कर्मियों सहित कई प्रतिभागी शामिल होंगे। 284 कम्पनियां अपने नवीनतम नवाचारों और प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल लगा रही हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य फील्ड तैनाती, रख-रखाव प्रक्रियाओं के लिए उपयुक्त प्रौद्योगिकियों की पहचान करना और खरीद प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है। ताकि भारतीय सेना के लिए एक स्थायी, आत्मनिर्भर रक्षा प्रणाली को बढ़ावा दिया जा सके। भारतीय सेना अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों की परिचालन प्रासंगिकता और बदलती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए निरंतर नवाचार की आवश्यकता पर जोर देती रही है।
उन्होंने बताया कि नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 से रक्षा बलों, वैज्ञानिकों, उद्योग जगत के नेताओं और शैक्षणिक समुदाय के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करने की उम्मीद है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और तकनीकी उत्कृष्टता को मजबूत करने के उद्देश्य से सहयोग को बढ़ावा देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र