वैश्विक यात्रा का दायित्व प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार : केशव प्रसाद मौर्य

 


-- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का जर्मनी और यूनाइटेड किंगडम दौरा

-- यात्रा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देना

लखनऊ, 22 फरवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विदेश यात्रा पर भेजा जाना उत्तर प्रदेश की बढ़ती आर्थिक शक्ति और केंद्र सरकार के विश्वास का प्रतीक है।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और विश्वास से उत्तर प्रदेश शीघ्र ही देश की एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में निर्णायक भूमिका निभाने वाला अग्रणी राज्य बनेगा। उन्हाेंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेज़ी से विकसित होती अर्थव्यवस्था बन रहा है और प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियाँ, विश्वस्तरीय अवसंरचना तथा उद्योग-हितैषी वातावरण के कारण वैश्विक निवेशकों का भरोसा निरंतर बढ़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विदेश यात्रा प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन-डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का है और अंतरराष्ट्रीय निवेश सहयोग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के औद्योगिक कॉरिडोर, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर तथा उभरते औद्योगिक क्लस्टरों को वैश्विक मंच पर प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि, उत्तर प्रदेश में निवेश एवं औद्योगिक विकास को नई गति देने तथा वैश्विक निवेशकों को प्रदेश की अपार सम्भावनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जर्मनी के लिए प्रस्थान किया है। इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में निवेश आकर्षित करना, औद्योगिक सहयोग बढ़ाना तथा रोजगार सृजन के नए अवसरों का विस्तार करना है।

इंवेस्ट यूपी के माध्यम से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय रोड-शो कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं सम्बंधित विभागों के प्रतिनिधि भी सहभागिता कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। कार्यक्रम के अनुसार प्रतिनिधिमंडल की यात्रा 23 से 25 फरवरी जर्मनी तथा 25 से 27 फरवरी तक यूनाइटेड किंगडम में आयोजित होगी।

इस दौरान निवेशक सम्मेलन, बिज़नेस-टू-बिज़नेस (B2B) मीटिंग, औद्योगिक गोलमेज सम्मेलन तथा क्षेत्रवार प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें विशेष रूप से- अवसंरचना एवं लॉजिस्टिक्स, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, रक्षा उत्पादन एवं एयरोस्पेस, खाद्य प्रसंस्करण, एमएसएमई एवं स्टार्ट-अप, ऊर्जा एवं हरित प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में निवेश की सम्भावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा