दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात

 


जनपद फर्रुखाबाद के 1,65,786 लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा ₹10.58 करोड़ से अधिक की सब्सिडी का अंतरण

फर्रुखाबाद, 03 नवम्बर ( हि.स.)। जिले के 165786 लाभार्थियों को दीपावली पर नि:शुल्क गैस सिलेंडर रिफिल किया जायेगा। इसके लिए लाभार्थियों के बैंक खातों में धनराशि आवंटित कर दी गई है। कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर की गरिमामयी उपस्थिति में जनपद स्तर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद में हुई प्रगति एवं योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का शुभारंभ वर्ष 2016 में किया गया था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं वंचित परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्त स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क घरेलू गैस कनेक्शन के साथ गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, रेगुलेटर एवं पाइप उपलब्ध कराया जाता है, जिससे महिलाओं को पारंपरिक ईंधन से होने वाले धुएं एवं उससे जुड़ी परेशानियों से राहत मिल सके।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से अब तक जनपद फर्रुखाबाद में कुल 1,65,786 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के 96,947, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) के 19,813 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के 49,026 लाभार्थी शामिल हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली एवं होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। इसके क्रम में सब्सिडी अंतरण की व्यवस्था प्रारंभ की गई, जिसके माध्यम से गैस सिलेंडर रिफिल की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को दो निःशुल्क सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल वितरण की व्यवस्था दो चरणों में निर्धारित की गई है। प्रथम चरण में अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण में जनवरी से मार्च 2027 तक लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ प्रदान किया जाएगा। दीपावली पर्व के अवसर पर प्रथम चरण के अंतर्गत एक निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सभी पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल का उपभोक्ता मूल्य ₹965.00 है। इसमें केंद्र सरकार द्वारा ₹323.24 की सब्सिडी तथा राज्य सरकार द्वारा ₹641.76 की सब्सिडी अनुमन्य है। इस प्रकार पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल की पूरी धनराशि सब्सिडी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि आज आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद के कुल 1,65,786 उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा कुल ₹10,58,90,400 (दस करोड़ अट्ठावन लाख नब्बे हजार चार सौ रुपये) की सब्सिडी धनराशि अंतरित की जा रही है। इस धनराशि से दीपावली के अवसर पर पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर उन्होंने योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की जानकारी दी तथा कहा कि उज्ज्वला योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक स्वच्छ रसोई ईंधन की सुविधा पहुंचाना है। त्योहारों के अवसर पर निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा से लाभार्थी परिवारों को आर्थिक सहायता प्राप्त होती है।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद्र वर्मा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी श्री अनिल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर